बुधवार, 17 दिसंबर 2014

चिडिया घर

अगले दिन हम चिडिया घर जाने की योजना बनाए। हमने टैक्सी ली और चिडिया घर के लिए निकल पडे।  चिडियाघर अलीपुर मेँ है। सुबह 10 बजे तक हमलोग अलीपुर चिडिया घर पहुंच गए। वहाँ जाकर देखा कि पुराना दरवाजा बंद कर दिया गया है और नया दरवाजा दरवाजा खोल दिया गया है। दस वर्षों में टिकट का दाम 10 रुपए से बढ़कर 20 रुपये हो गया है।चिडिया घर के बाहर ही बड़े से बोर्ड पर चेतावनी लिखी हुई थी कि जानवरों को कुछ खिलाना मना है और उस बोर्ड के नीचे ही छोटे छोटे फेरीवाले जानवरों को खिलाने के लिए चने बेच रहे थे। चिडिया घर काफी लंबा चौड़ा है। हमारी बेटी चल नहीँ सकती थी इसलिए हमने उसे कैरी बैग में लटका लिया था। हमने टिकट लिया और चिडिया घर के अंदर प्रवेश कर गए। हमारी मुलाकात सबसे पहले हिरनों के झुंड से हुई।बेटी तो देख कर प्रसन्न हो गई। हम वहाँ से आगे बढ़े तो आगे सुंदर हंस घूम रहे थे। वहाँ से आगे बढे तो दाहिनी तरफ मगरमच्छों का बाड़ा था। हल्की गुनगुनी धूप मेँ मगरमच्छ लेटे हुए धूप सेंक रहे थे। देखने मेँ लग रहा था कि मानो  प्राण ही न हों लेकिन पानी का ये सबसे खतरनाक शिकारी बस मौके की तलाश मेँ होता है। मगरमच्छ के बगल मेँ ही घडियालोँ का भी बाड़ा था। ये नई व्यवस्था थी। उनको बहुत ही प्राकृतिक रुप से रखा गया है। अन्यथा पहले इनको सरीसृप भवन मेँ ही साँपोँ के साथ रखा जाता था। सरीसृप भवन एक गोल सा भवन हे जिसमेँ चार दीवारो के साथ अलमारियाँ बनी हुई हैं। इन शीशे की अलमारियों मेँ विभिन्न तरह के सांप रखे हुए हैं। बीच मेँ एक बड़ा सा कूएँ  जैसा हिस्सा है। पहले इसे ही छोटे छोटे भागोँ मेँ विभाजित करके इसमेँ मगरमच्छ ओर घडियाल रखे जाते थे, लेकिन अब इस भवन मेँ केवल सांप हैं। घडियाल और मगरमच्छों को बाहर प्राकृतिक रुप से रखा गया है। थोडा आगे बढ़ने पर बाईं तरफएक बाड़े मेँ ढेर सारे जेबरा घूम रहे थे। पास में हीँ एक छोटी सी आइसक्रीम की दुकान थी। वहाँ पर हमने अपनी बेटी के लिए एक आइसक्रीम ली, जिसे वो ख़ुशी ख़ुशी खाने लगी। वहाँ से बाईं तरफ घूम कर वापस बढ़ने पर आगे चिडियों का बाड़ा था। बेटी तो रंग बिरंगे सुंदर सुंदर पक्षी देख कर किलकारी मारने लगी। वहाँ से आगे बढ़ने पर बगल मेँ सफ़ेद शेरोँ का बडा था। ये खूबसूरत किंतु खतरनाक शिकारी जानवर अपने बाड़े मेँ चहल कदमी कर रहे थे। आगे बढ़ने पर सरीसृप भवन था जिस मेँ भांति भांति के सांप रखे हुए थे। सरिसृप भवन के पीछे गैंडों के रहने का स्थान था। यह विशालकाय जानवर आराम से पानी मेँ पड़े हुए हल्की धूप का आनंद उठा रहा था। गैंडा देखने मेँ भले ही गंदा जानवर हो, लेकिन असल में यह बहुत ही सफाई पसंद जानवर होता है। यह प्रतिदिन एक ही स्थान पर मल त्याग करता है और उस स्थान पर मल त्याग करने के अलावा कभी नहीँ जाता। वहाँ से आगे बढ़ने पर एक बार फिर हिरनों का बाड़ा आगया।उसमें एक तरफ कुछ कृष्णमृग थे। जी हाँ वही कृष्ण मृग जिनको मारने पर सलमान खान को जेल हुई थी। इनके सींघ सीधे लंबे सुन्दर, शरीर काला और पेट सफेद होता है। वहीँ पर एक गोल चक्कर बना हुआ हे जिसके बीच मेँ एक हरक्यूलिस की प्रतिमा हे जिसमे हरक्यूलिस ने पृथ्वी को अपने कंधो पर उठा रखा है। वहाँ से आगे बढ़ने पर विशाल झील के किनारे पर पहुँच जाते हैं। इस झील के किनारे चलते हुए आप विभिन्न प्रकार के पक्षियों को उनके प्राकृतिक परिवेश मेँ देख सकते हैं। इसके बाद झील पर बने एक छोटे से सुन्दर पुल को पार करके हम जिराफ देखने पहुंचे। वहाँ चार जीराफ अपनी लंबी गर्दन उठाए अपने बाड़े मेँ घूम रहे थे। वहाँ से कुछ दूरी पर हिप्पोपोटामस का बाडा था। यह विशाल शाकाहारी जानवरअपना पूरा शरीर पानी मेँ डूबोए, सिर्फ अपने नथुने बाहर निकाल कर पड़ा हुआ था। यह जानवर शाकाहारी होते हुए भी बेहद आक्रामक होता है। एक वयस्क हिप्पोपोटामस का वजन चार टन तक हो सकता है, और इसे प्रतिदिन कम से कम 400 किलो चारे की आवश्यकता होती है। इसके बाद बारी आई जंगल के राजा यानि की शेर की। तीन अलग अलग बाड़े मेँ बादशाह सलामत अपनी अपनी पत्नियों के साथ विचरण कर रहे थे। कुछ लोग शोर मचा कर और अपने छाते हिलाकर बादशाह को अपनी तरफ आकर्षित करने की कोशिश कर रहे थेलेकिन बादशाह पर उसका कोई फर्क नहीँ पड़ रहा था। शायद उनको इसकी आदत हो गई थी। यहाँ से कुछ आगे हाथियों के बाड़े थे। पृथ्वी का यह सबसे विशालकाय जानवर अपनी धुन मेँ खड़े खड़े मस्ती मेँ हिल रहा था। बचपन मेँ जब मैं यहाँ आया था मैंने हाथियोँ को पैसे दिए थे और बदले मेँ हाथी ने हमेँ नमस्कार किया था। वह व्यवस्था शायद खत्म कर दी गई है क्यूंकि ऐसी कोई व्यवस्था नहीँ दिखी। इसके बाद झील केकिनारे चलते चलते चलतेचिडिया घर के मुख्य द्वार तक वापस आ गए। और हाँ,  एक मजेदार बातोँ भूल ही गया... हमने अपनी बेटी को कैरी बैग मेँ लटका रखा था। श्रीमती जी के थक जाने पर थोड़ी देर मैंने उसे अपने ऊपर लटका लिया। पर जब एक दूसरे दंपति ने यह देखा तो पत्नी अपने पति से लड़ने लागी कि तुम भी क्यों नहीँ अपनेबच्चे को एेसे ही लेकर घूमते हो। इसके बाद हम चिडिया घर से बाहर निकल गए। सडक दूसरी तरफ चिडियाघर का ही एक एक्सटेंशन है। यह चिडिया घर का मछली घर है। इसके लिए अलग से टिकट लगता है। हलाँकि की शाम हो रही थी लेकिन हमने टिकट लिया और मछली घर के अंदर घुस गए। रंग बिरंगी खूबसूरत मछलियोँ को देख कर मन प्रसन्न हो गया। सबसे ज्यादा प्रसन्न हुई मेरी बेटी। सारा घूमने ओर मछली  देखने के बाद भी वह बाहर आने को तैयार की नहीँ हो रही थी। बडी मुश्किल से उसे लेकर बाहर निकल सके। बाहर निकल कर हमने टेक्सी ली और वापस हो लिये।
---------------------------------------जारी-------------------------------------------------------

मंगलवार, 16 दिसंबर 2014

दस साल बाद कलकत्ता


मेरी बेटी जिसका नाम मैंने दक्षिणेश्वरी रखा था, साल भर की हो गई थी। हमने सोचा कि चलो बेटी को दक्षिणेश्वरी देवी के दर्शन करवा लाते हैं। फिर क्या था. दोनो प्राणियों ने सलाह मशवरा किया और प्रोग्राम बन गया। मेरे कलकत्ता आने की खबर सुनते ही भतीजा धर्मेन्द्र खुश हो गया। मेरी पोस्टिंग उस समय ललितपुर में थी। टिकट करने बैठे तो पता चला कि ललितपुर से कलकत्ते की कोई सीधी ट्रेन नहीं है। कानपुर से जानेवाली सारी ट्रेनें हमेशा की तरह ओवरलोड. अब करें तो क्या करें. फिर बैठा रेलवे के रूटों और टाइम टेबलों का पोस्टमार्टम करने। काफी सिर मारने पर पता चला कि एक कलिंग उत्कल  एक्सप्रेस है जो ललितपुर से खड़गपुर को जोड़ती है। सौभाग्य से उसमें टिकट भी मिल गए। लौटने का कोलकाता भोपाल एक्सप्रेस में बीना तक का टिकट करा लिया। फिर क्या था! श्रीमती जी एक हफ्ते पहले से ही तय्यारियों में जुट गईं। स्त्रियों और पुरुषों ये बहुत बड़ा फर्क है कि मर्द हफ्ते भर की ट्रिप की तय्यारी 15 मिनट में कर लेते हैं और स्त्रियों को दो दिन की ट्रिप की तय्यारी के लिये भी हफ्ते का समय चाहिये होता है। खैर, निकलने का समय आ ही गया और हम सामान ऑटो में डाल कर स्टेशन पहुँचे। पता चला ट्रेन दो घंटे लेट है। देर से ही सही ट्रेन आई और हम रवाना हो गए। रात के ग्यारह बजे हम पहुँचे खडगपुर।  वहाँ से कुल सौ सवा सौ किमी का रास्ता. आँख ठीक से लगी भी नहीं कि पता चला पहुँच गए। और सुबह के साढ़े चार बजे हावड़ा! मेरा चिर परीचित हावड़ा!  बाहर निकलते ही जब हावड़ा ब्रिज के शानदार नजारे ने स्वागत किया तो सफर की सारी थकान छू मंतर हो गई। एक बार फिर काली पीली एम्बेसडर टैक्सी में बैठना पुरानी यादें ताजा कर गया. ये सोच कर कि सुबह सुबह फोन कर के बिचारे की नींद क्या खराब करें, मैं यादों के सहारे रास्ते तय करता मैं धर्मेन्द्र के घर पहुंचने की कोशिश करने लगा। लेकिन जब घर मुश्किल से सौ मीटर दूर था, मेरी याद्दाश्त ने धोखा दे दिया। फोन करके लोकेशन बताने पर भतीजा आ के ले गया।
चूँकि आए थे देवी के दर्शन करने सो सबसे पहले दक्षिणेश्वर जाने का प्रोग्राम बना। पूरी सुबह आराम करने के बाद दोपहर बाद मंदिर के लिये निकले। मिनी बस पकड़ी जो सीधा मंदिर कम्पाउंड में उतारती थी। ये मंदिर मुझे इसलिये विशेष रूप से पसंद है क्योंकि यहाँ दो चीजें बिल्कुल नहीं हैं जो लगभग सभी मंदिरों में होती हैं और सबसे ज्यादा परेशान करती हैं। एक तो गंदगी और दूसरे यजमान फाँसने की कोशिश करते पुजारी। आराम से दुकान से प्रसाद खरीदो, अंदर जाओ, दर्शन-पूजा करो और बाहर आ जाओ। मंदिर बहुत सुंदर बना हुवा है। देवी के दर्शन के बाद हम परिसर में ही घूमने लगे। मुख्य मंदिर के सामने हुगली की धारा के समानांतर भगवान शिव के 12 मंदिर बने हुवे हैं। इन मंदिरों के बीच से नदी तक पहुँचने का रास्ता बना हुआ है। हम नहाने की योजना बना कर तो आए नहीं थे सो सबके उपर थोड़ा थोड़ा पानी छिड़क के औपचारिकता पूरी कर ली।

फिर मंदिर से बाहर निकले। सामने खाने पीने के स्टालों का मेला लगा हुवा था।  हर तरह का शाकाहारी फास्ट फूड उपलब्ध था। हमने बंगाली झाल मुढ़ी का आनंद लिया। फिर वहाँ से बेलुर मठ जाने के लिये नाव पकड़ी। कलकत्ते में नाव का अच्छी सुविधा है। और किराया? मात्र 8 रूपए प्रति व्यक्ति! नाव पर चढ कर श्रीमती जी की खुशी का तो कोई हिसाब ही नहीं था। और तो और मेरी नन्ही मुन्हीं बेटी भी किलकारियाँ मार उठी।

शाम के करीब चार बजे हम स्वामी राम कृष्ण परमहंस और स्वामी विवेकानंद की साधना स्थली बेलुर मठ पहुँचे। यहाँ के शांत सुरम्य वातावरण ने मन मोह लिया। चारो चरफ गेरुए वस्त्रों में लिपटे सन्यासी नजर आ रहे थे। एक तरफ माँ शारदा देवी का मंदिर था। उसमें माँ का सारा श्रृंगार, परदे, यहाँ तक कि चरण पादुकाएं भी ताजे चमेली की कलियों से बनी हुईं था जिसकी भीनी खुशबू हवा में तैर रही थी।

वहाँ से आगे बढने पर स्वामी विवेकानंद का निवास स्थान था जहाँ उनकी यादों को उत्तम तरीके से संजोया गया है। उनकी राइटिंग टेबल, बिस्तर, छड़ी, पादुकाएं, तस्वीरें ईत्यादि करीने से रखी हुईं थीं। दीवारों पर उनके चित्र लगे हुए थे। वहीं थोड़ी दूरी पर वह स्थान है जहाँ श्रीफल के पेड़ के नीचे ध्यान लगा कर स्वामी जी ने प्राण त्यागे थे। कुछ वर्ष पहले पुराना पेड़ गिर गया अतः वहाँ  श्रीफल का ही नया वृक्ष लगा दिया गया है।

फिर वहाँ से निकल कर हम बाग में आए जहाँ तरह तरह के फूल खिले हुए थे। लग रहा था जैसे वहाँ जनवरी में भी बसंत चल रहा था। वहीं बगल में मठ का साहित्य केन्द्र था जहाँ विवेकानंद और स्वामी रामकृष्ण से संबंधित साहित्य बिक्री के लिये उपलब्ध था।

उसके बाद हम मुख्य भवन में पहुँचे जहाँ स्वामी रामकृष्ण का निवास था। ऊँची ऊँची दीवारों से घिरे हॉल के एक सिरे पर माँ काली की मूर्ति खड़ी अवस्था में और स्वामी रामकृष्ण की मूर्ति जमीन पर बैठी अवस्था में थी।  आरती का समय होने वाला था, सो हम आरती के लिये रुक गए। नियत समय पर आरती शुरू हुई। पूरा परिसर घंटे-घड़ियाल और आरती के स्वरों से गूँज उठा। आरती समाप्त होने पर हम वापसी के लिये मठ से निकले। घाट पर छोटी सी चाय की दुकान थी। कलकत्ता में चाय अधिकतर जगहों पर कुल्हड़ में मिलती है। हमने भी एक एक कुल्हड़ चाय ली और तट पर बैठ गए। पुत्री ने वहाँ वो ऊधम मचाया कि पूछो मत!

फिर वापसी की नाव पकड़ी, फिर बस से वापस घर!

-----------------------------------------जारी रहेगा---------------------------------------------------------
वह श्रीफल का पेंड़ जहाँ स्वामी जी ने प्राण त्यागे थे
गंगा की धारा से दक्षिणेश्वर मंदिर

माँ शारदा का मंदिर

वापस लौटते समय नाव में